बेगूसराय में दर्दनाक हादसा: स्कूल में ग्रिल गिरने से 8वीं के छात्र की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

बिहार के बेगूसराय से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूल परिसर में सुरक्षा की बड़ी लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। हादसे के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।



बेगूसराय: जिले के बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय जहानपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां ग्रिल के नीचे दबने से आठवीं कक्षा के छात्र मुन्ना कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भूलो यादव के पुत्र के रूप में हुई है।

               फोटो: घटना के बाद रोते बिलखते परिजन। 

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मंसूरचक-बछवाड़ा मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही तेघड़ा एसडीएम, डीएसपी और बछवाड़ा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश में जुट गए। परिजनों के अनुसार, मुन्ना सुबह करीब 8 बजे स्कूल पहुंचा था। जैसे ही उसने क्लास का दरवाजा खोला, अचानक एक के बाद एक करीब 6 भारी ग्रिल उसके ऊपर गिर गईं। बताया जा रहा है कि इन ग्रिलों का कुल वजन 3 क्विंटल से अधिक था। सिर दबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि कई शिक्षक मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोग घायल छात्र को तुरंत बछवाड़ा पीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में लाइब्रेरी भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार ने लापरवाही बरतते हुए क्लासरूम में ही भारी ग्रिल और निर्माण सामग्री रखवा दी थी, जो इस हादसे की वजह बनी।

            घटना के बाद मौके पर लगी लोगों की भीड़

घटना से नाराज लोगों ने स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार और निर्माण कार्य में लगे एक कर्मचारी को बंधक बना लिया और पुलिस के सामने ही उनकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित बाहर निकाला।

क्या बोले अधिकारी:

“घटना की जानकारी मिली है। मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया जा रहा है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हेडमास्टर और परिजनों से बयान लिया जा रहा है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

 कृष्ण कुमार, डीएसपी, तेघड़ा (बेगूसराय)

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट